
चित्तौड़गढ़ । जिला कलक्टर डॉ मंजू की अध्यक्षता में बुधवार जिला परिषद के सभागार में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन (JJM) कार्यों, जिले भर में संचालित पेयजल योजनाओं, जल गुणवत्ता एवं गर्मी के मौसम में सुचारू पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी कार्य समय पर एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे जल जीवन मिशन कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए नियमित मोनेटरिंग एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने हैण्डपम्पों के पास वर्षा जल संरक्षण हेतु हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने तथा नालों के पास से गुजर रही पाइप लाइनों की नियमित जांच कर लीकेज रोकने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने चिकित्सालयों, विद्यालयों एवं हॉस्टलों में प्रत्येक सप्ताह पानी की गुणवत्ता जांच एवं टंकियों के निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जीपीएस आधारित मोनिटरिंग सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता, सुनीत कुमार गुप्ता ने जिले की पेयजल व्यवस्थाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



